घास काट रही महिला पर मगरमच्छ ने किया हमला

Spread the love

रुद्रपुर। बिडौरा मझोला गांव में खकरा नदी के किनारे घास काट रही एक महिला पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। मगरमच्छ महिला को खींचकर नदी की ओर ले जाने लगा, लेकिन आसपास मौजूद महिलाओं ने साहस का परिचय देते हुए उसे बचा लिया। घायल महिला को उप जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। रविवार सुबह 45 वर्षीय तुलसी गिरि पत्नी धन गिरि गोस्वामी निवासी बिडौरा मझोला, गांव की अन्य महिलाओं के साथ मवेशियों के लिए चारा लेने खकरा नदी के किनारे गई थीं। घास काटने के दौरान अचानक मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें खींचने लगा। चीख-पुकार सुनकर आसपास घास काट रही महिलाएं मौके पर पहुंचीं और तुलसी को मगरमच्छ से बचाया। घायल तुलसी को उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। बाराकोली रेंज के रेंजर कैलाश गुणवंत ने बताया कि महिला को बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई है। घटना की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *