ऋषिकेश। चारधाम यात्रा इन दिनों चरम पर पहुंच चुकी है। ऋषिकेश में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए तड़के से लेकर रात तक विभिन्न राज्यों का भारी हुजूम उमड़ रहा है। शुक्रवार को भी 15 हजार से अधिक यात्री रजिस्ट्रेशन कराने के बाद धामों के लिए रवाना हुए। शुक्रवार को चारधाम ट्रांजिट केंद्र में तीर्थयात्रियों से पूरी तरह पैक रहा। केंद्र में स्थापित 24 काउंटरों पर पंजीकरण के लिए महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, यूपी समेत विभिन्न राज्यों के यात्रियों की लंबी कतारें दिखी। परिसर में यात्रियों के विश्राम के लिए पंड़ाल में भी भीड़ नजर आई। ट्रांजिट केंद्र की बिल्डिंग भी यात्रियों से पैक दिखी। पार्किंग में विभिन्न राज्यों की बसें खड़ी नजर आई। स्थिति यह रही कि भरी दोपहर में भी यात्री रजिस्ट्रेशन के लिए कतारों में खड़े दिखे।यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन के ओएसडी डॉ. प्रजापति नौटियाल ने बताया कि ऋषिकेश में यात्रियों के रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। उनके विश्राम, भोजन व पेयजल के लिए केंद्र में पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। जरूरत पड़ने पर केंद्र में संचालित काउंटरों की संख्या को भी बढ़ाया जा सकता है।