शहर के आंतरिक मार्गों को जकड़ रहा जाम

Spread the love

ऋषिकेश। ऋषिकेश में वीकेंड से पहले शुक्रवार को ट्रैफिक बेपटरी हो गया। वाहनों के दबाव के कारण मुख्य और बाईपास मार्ग से संकरी गलियां जाम में जकड़ उठीं। इसके चलते सड़कों पर वाहन रेंगते रहे और भीषण गर्मी के बीच जाम में फंसे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। शुक्रवार को नगर क्षेत्र के मुख्य और बाईपास रोड पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ा तो दोपहर 12 बजे के बाद आंतरिक सड़कें भी जाम हो गईं। व्यस्ततम रेलवे रोड पर सीमा सड़क संगठन के कार्यालय के नजदीक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मार्ग संकरा होने की वजह से भीषण गर्मी में दोपहिया सवार स्थानीय लोग पसीना-पसीना दिखे।यही स्थित हीरालाल मार्ग भी नजर आई। यहां भी संकरी सड़क पर पर्यटक वाहनों के पहुंचने से जाम लग गया। आसपास के लोगों ने खुद ही सड़क पर उतरकर किसी तरह से वाहनों को क्रॉस कराया, जिसके बाद हालात सामान्य हुए। वहीं, हरिद्वार बाईपास रोड पर दोपहर एक बजे के बाद श्यामपुर से आने वाला ट्रैफिक स्लो हो गया। योगनगरी रेलवे स्टेशन से लेकर इंद्रमणि बडोनी चौक तक हरिद्वार जाने वाले वाहन रेंग-रेंगकर शाम छह बजे तक चले। व्यापार मंडल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने बताया कि पुलिस को कई बार इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है। वहीं, यातायात निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि आंतरिक मार्गों पर ट्रैफिक को सुचारु रखने के लिए चौक-चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। ट्रैफिक को नियंत्रित रखने के लिए उन्हें सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। मुख्य व बाइपास मार्ग पर क्षमता से अधिक वाहनों का दबाव बढ़ने से इस तरह की दिक्कत पैदा होती है। बावूजद, पुलिस यातायात को सुचारु रखने के लिए भरसक प्रयास में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *