दौड़ में आकृति व बैडमिंटन में किरण रही अव्वल

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय महाविद्यालय रिखणीखाल में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा समारोह का शुक्रवार को समापन हो गया। प्रतियोगिताओं में छात्राओं का प्रदर्शन शानदार रहा। दौड़ प्रतियोगिता में आकृति ने दो स्पर्धाओं में पहला स्थान हासिल किया, जबकि बैडमिंटन में किरण ने बाजी मारी।


समारोह का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य मनोज उप्रेती ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ ही अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का आह्वान किया। क्रीड़ा प्रभारी डा. सुनील सिंह के निर्देशन में आयोजित 100 मीटर बालिका दौड़ में आकृति प्रथम, सलोनी द्वितीय और अंशिका तृतीय स्थान पर रही। 200 मीटर दौड़ में भी आकृति ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि तानिया द्वितीय और हिमानी तृतीय स्थान पर रही। बैडमिंटन प्रतियोगिता में किरण ने प्रथम, सलोनी ने द्वितीय और अंशिका रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शतरंज प्रतियोगिता में साक्षी प्रथम और निशा द्वितीय स्थान पर रही। इसके अलावा खो-खो, गोला फेंक, चक्का फेंक, भाला फेंक और टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं में भी छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *