इलेक्ट्रानिक, मोबाइल और कपड़ों की दुकानों पर रही सबसे अधिक भीड़
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : धनतेरस पर कोटद्वार का बाजार देर शाम तक ग्राहकों की चहल-पहल से गुलजार रहा। शुभ अवसर पर खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से शुरू हुआ खरीदारी का सिलसिला शाम होते-होते चरम पर पहुंच गया। बाजार की प्रमुख सड़कों और प्रतिष्ठानों में ग्राहकों की भीड़ के चलते आवाजाही मुश्किल हो गई। त्योहार पर हुई अच्छी खरीदारी से कारोबारियों के चेहरे भी खिले नजर आए।

शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर लोगों ने परंपरा के अनुसार नए बर्तन, सोने-चांदी के आभूषण और पूजन सामग्री की खरीदारी की। वहीं, बदलते दौर के साथ इलेक्ट्रानिक सामान, मोबाइल और वाहनों की खरीदारी का भी खासा क्रेज दिखाई दिया। आटोमोबाइल कारोबार में भी उत्साह रहा। पहले से बुकिंग करा चुके ग्राहकों ने नई कार और स्कूटी की डिलीवरी ली। ज्वैलर्स की दुकानों पर सोन–चांदी के आभूषण खरीदने वालों की भीड़ लगी रही। चांदी के सिक्कों और लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं की भी खूब मांग रही। इलेक्ट्रानिक और मोबाइल शोरूम में युवाओं की भीड़ नजर आई। वहीं, कपड़ों की दुकानों पर भी देर शाम तक ग्राहकों का तांता लगा रहा। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए व्यापारियों ने प्रतिष्ठानों को आकर्षक ढंग से सजाने के साथ ही विभिन्न उत्पादों पर विशेष आफर भी दिए थे। इससे बाजार में खरीदारी का उत्साह और बढ़ गया। नजीबाबाद रोड, झंडाचौक, गोखले मार्ग, स्टेशन रोड और पटेल मार्ग पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। शाम के समय स्थिति यह हो गई कि बाजार में पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। यातायात और बाजार की व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। देर रात तक बाजार में रौनक बनी रही।