जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रोटरी क्लब के तत्वावधान में राजकीय प्राथमिक विद्यालय संख्या-6 में नि:शुल्क दंत चिकित्सा परीक्षण एवं दंत स्वच्छता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों के दांतों की जांच करने के साथ उन्हें स्वस्थ दांतों के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब की अध्यक्ष प्रतिभा गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मुस्कान और स्वस्थ भविष्य का निर्माण रोटरी क्लब की प्राथमिकताओं में शामिल है। उनका कहना था कि स्वस्थ बच्चे ही आगे चलकर समाज और देश के बेहतर नागरिक बनते हैं। दंत चिकित्सक डॉ. आशीष अग्रवाल ने बच्चों को टॉफी, च्यूइंगम और अत्यधिक मीठे खाद्य पदार्थों के सेवन से दांतों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में बताया। उन्होंने सुबह और रात नियमित रूप से ब्रश करने तथा दंत स्वच्छता की आदत अपनाने की सलाह दी। डॉ. नीतिका अग्रवाल ने भी 32 विद्यार्थियों का दंत परीक्षण कर उन्हें दांतों की उचित देखभाल और आवश्यक उपचार संबंधी सुझाव दिए। विद्यालय की प्रधानाचार्या अन्नु रावत ने रोटरी क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष मानु गुप्ता, वाईपी गिलरा, विपिन बक्शी, रोटरी क्लब की सचिव वीना रावत, शरतचंद्र गुप्ता, कोषाध्यक्ष धनेश अग्रवाल, डीपी सिंह, गुरुबचन सिंह, ऊषा अग्रवाल, अमित अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, गोपाल बंसल, इनरव्हील क्लब की सचिव रेणु अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।