श्रद्धालुओं को पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए भटकना पड़ रहा

Spread the love

उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा के बीच उत्तरकाशी नगर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था की पोल खुलती नजर आ रही है। बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं को पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए भटकना पड़ रहा है। विश्वनाथ चौक, रामलीला मैदान, बस अड्डा, ज्ञानसू, उजेली, लक्षेश्वर और गंगोरी जैसे प्रमुख स्थानों पर शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। नगर के सबसे व्यस्त और भीड़ भाड़ वाली जगहों में से एक विश्वनाथ चौक पर पिछले वर्षों तक जल संस्थान की ओर से वाटर एटीएम मशीन लगाई जाती थी लेकिन इस बार मशीन हटाए जाने से यात्रियों को पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा। तेज गर्मी और यात्रा की थकान के बीच श्रद्धालु पानी के लिए दुकानों और हैंडपंपों पर निर्भर रहने को मजबूर हैं। कई स्थानों पर केवल हैंडपंप के सहारे व्यवस्था चल रही है जो बढ़ती भीड़ के मुकाबले नाकाफी साबित हो रही है।
स्थानीय का कहना है कि यात्रा सीजन में हजारों श्रद्धालु नगर से होकर गुजरते हैं। ऐसे में सबसे ज्यादा भीड़ वाले स्थानों पर पेयजल सुविधा का अभाव प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने मांग की है कि विश्वनाथ चौक, रामलीला मैदान और बस अड्डे जैसे प्रमुख स्थलों पर तत्काल वाटर एटीएम मशीनें स्थापित की जाएं। रामलीला मैदान पहुंची गुजरात की यात्री आनंदी बाई पटेल, राजू आदि यात्रियों ने बताया कि पानी की सुविधा नजर नहीं आई है। जल संस्थान के अधिकारियों का कहना है कि डुंडा, भटवाड़ी और गंगोत्री धाम समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर वाटर एटीएम मशीनें लगाई गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *