निर्जला एकादशी पर श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी

Spread the love

हरिद्वार। निर्जला एकादशी पर श्रद्धालुओं ने धर्मनगरी पहुंचकर गंगा स्नान किया। सुबह से ही हरकी पैड़ी सहित प्रमुख घाटों पर स्नान के लिए भीड़ उमड़ी और गंगा आरती तक सिलसिला चलता रहा। श्रद्धालुओं ने पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। बृहस्पतिवार को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों से काफी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। सुबह होते ही हरकी पैड़ी, ब्रह्मकुंड, मालवीय घाट, सुभाष घाट और अन्य प्रमुख घाट श्रद्धालुओं से भर गए। गंगा तट पूरे दिन हर-हर गंगे, जय श्री हरि और हर-हर महादेव के जयघोषों से गुंजायमान रहा। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मनसा देवी, चंडी देवी और अन्य मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। कई श्रद्धालुओं ने गंगा किनारे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न कराए।
निर्जला एकादशी पर दान-पुण्य का भी विशेष महत्व देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने जरूरतमंदों को अन्न, फल, वस्त्र और शीतल पेय पदार्थ वितरित किए। शहर के विभिन्न हिस्सों में सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं की ओर से छबील एवं सेवा शिविर लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं को शरबत, ठंडा पानी और प्रसाद वितरित किया गया। स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए गए थे। प्रमुख घाटों, मंदिरों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि स्नान पर्व सकुशल संपन्न हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *