हरिद्वार। मेलाधिकारी सोनिका ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कुंभ क्षेत्र में चल रहे सभी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे करने को कहा है। मेलाधिकारी ने परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया। वहीं, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रिंग रोड बाईपास निर्माण पर कहा कि कांवड़ में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए बाईपास मार्ग को पूरा करना बेहद आवश्यक है। बृहस्पतिवार को हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कार्यस्थलों पर संसाधनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। इसमें निर्माण सामग्री ढोने के लिए अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था करने को भी कहा गया। मेलाधिकारी ने हरिद्वार बाईपास-रिंग रोड समेत कई अन्य परियोजनाओं की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के हरिद्वार स्पर और हरिद्वार-नगीना मार्ग भी इनमें शामिल किए गए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों से प्रमुख सड़कों पर जाम लग रहा है। इससे सुचारु ट्रैफिक संचालन में बाधा आ रही है। उन्होंने परियोजना निदेशकों को व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने का निर्देश दिया।