धारडुंग्री-मैखुरा मार्ग 15 दिन से बंद, भूस्खलन से आवागमन ठप

Spread the love

कर्णप्रयाग/देवाल। ब्लॉक का धारडुंग्री-मैखुरा मार्ग पिछले 15 दिनों से बंद है। सड़क के शुरुआत में ही पुश्ता क्षतिग्रस्त होने और भूस्खलन होने से वाहनों का आवागमन ठप है। इससे करीब तीन हजार की आबादी प्रभावित है।
इस सड़क से गोपथला, मल्ला कनखुल, चोपड्यूं, बखरा, कांडा, गनोली, मैखुरा सहित कई गांवों के लोगों की आवाजाही होती है लेकिन सड़क बंद होने से ग्रामीणों को आवाजाही और जरूरी खाद्य सामग्री लाने-ले जाने में दिक्कतें आ रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले साल की भारी बारिश से सड़क की दीवार क्षतिग्रस्त हुई थी जिसे ठीक नहीं किया गया। इस बार बारिश के कारण सड़क और भी खराब हो गई। भू-धंसाव के कारण धारडुंग्री के सते सिंह के मकान को भी खतरा बना हुआ है। वहीं लोनिवि गौचर के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि भूस्खलन से सुरक्षा दीवार टूटी है। सड़क के नीचे एक मकान होने से निर्माण में दिक्कतें हैं लेकिन जल्द वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। वहीं देवाल में भारी बारिश से स्टेट हाईवे थराली-देवाल मार्ग तीसरे दिन भी बंद रहा। नंदकेशरी के पास चट्टान टूटने से सड़क बंद है और पोकलेन मशीन भी काम नहीं कर पा रही है। कोठी और तलसारी के 20 स्कूली बच्चे विद्यालयों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। वहीं 150 मीटर सड़क ध्वस्त होने से देवाल-खेता मार्ग भी डेढ़ सप्ताह से बंद है। हालांकि लोनिवि नई सड़क बना रहा है लेकिन बारिश के कारण अभी काम रुका है। इस मार्ग से करीब 12 गांवों के दस हजार लोग प्रभावित हैं। वहीं अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा ने बताया कि बारिश के कारण मलबा हटाने का काम रुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *