शोपीस बने पेयजल कनेक्शन, पानी को तरसे ग्रामीण

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विकासखंड रिखणीखाल के अंतर्गत ग्राम मैंदणी में हर घर नल-हर घर जल योजना के तहत लगाए गए पेयजल कनेक्शन शोपीस बने हुए हैं। हालात यह है कि पानी के अभाव में ग्रामीणों के कंठ सूख रहे हैं। ग्रामीणों ने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की मांग की है।
ग्राम प्रधान धीरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि वर्ष 2005-06 में अंदरसौ पंपिंग योजना के तहत ग्रामसभा में 43 पेयजल कनेक्शन दिए गए। लेकिन, एक भी कनेक्शन में पानी मुहैया नहीं हुआ। बताया कि वर्ष 2025 में जल निगम कोटद्वार ने उक्त कनेक्शनों को रेवा-रिखणीखाल पेयजल पंपिंग योजना से जोड़ दिया। लेकिन, इसके बाद भी मात्र 10-12 घरों में पानी आ रहा है। जबकि, अन्य परिवार अब भी पानी को तरस रहे हैं। यही नहीं, पाइपलाइन बिछाने के लिए तोड़े गए मार्ग की मरम्मत तक नहीं की गई है। पानी का फोर्स इतना कम है कि टैंक तीन दिन में भी नहीं भर पा रहा है। बताया कि पूर्व में यह समस्या अधिकारियों के समक्ष भी उठाई गई। लेकिन, अब तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *