दवाओं की ऑनलाइन बिक्री के विरोध में दवा व्यवसायियों का प्रदर्शन

Spread the love

अल्मोड़ा। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट तथा उत्तरांचल औषधि व्यवसायी महासंघ के आह्वान पर बुधवार को दवा व्यवसायियों ने चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में ऑनलाइन फार्मेसी और भारी डिस्काउंट नीति के विरोध में सांकेतिक प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ऑनलाइन फार्मेसी कंपनियों की दवा वितरण प्रणाली से छोटे और मध्यम स्तर के दवा व्यवसायियों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े कॉर्पोरेट समूहों द्वारा भारी छूट देकर बाजार पर कब्जा किया जा रहा है, जिससे स्थानीय केमिस्टों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। व्यवसायियों ने कहा कि कई छोटे दवा विक्रेताओं को अपना कारोबार समेटना पड़ा है। इससे इस क्षेत्र से जुड़े युवाओं के सामने भी आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। वक्ताओं ने यह भी कहा कि ऑनलाइन माध्यम से नशीली दवाओं की उपलब्धता बढ़ने से दवाओं के दुरुपयोग का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार से ऑनलाइन फार्मेसी पर सख्त निगरानी रखने और आवश्यक नियंत्रण लागू करने की मांग की। साथ ही कहा कि इस स्थिति का असर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रोजगार पर भी पड़ रहा है। प्रदर्शन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। इससे पूर्व महासंघ द्वारा सरकार को जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा इस बाबत ज्ञापन भी प्रेषित कर दिया गया है। इस दौरान प्रांतीय अध्यक्ष बहादुर सिंह मनकोटी, नगर अध्यक्ष आशीष वर्मा, राघव पंत, गिरीश उप्रेती, दीप वर्मा, गगन जोशी, जगदीश पंत, कस्तूरी लाल, वीरेंद्र बृजवाल, देवेश पंत, सुभाष कर्नाटक, अक्षय भट्ट, भुवन गुरुरानी, महेंद्र जोशी, देवेंद्र मेहरा, गजेंद्र सिंह, हरीश जोशी, ओमप्रकाश जोशी, दीक्षा तिवारी, चंदन मेर, चंदन बिष्ट, मनीष तिवारी समेत कई दवा विक्रेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *