वेतन वृद्धि की मांग को लेकर फैक्ट्री श्रमिकों का प्रदर्शन

Spread the love

रुद्रपुर। सिडकुल स्थित करम फैक्ट्री में श्रमिकों ने बुधवार को वेतन वृद्धि समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। श्रमिक वेतन बढ़ाने, ओवरटाइम का नियमानुसार भुगतान करने और अन्य सुविधाएं देने की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया। दोपहर बाद श्रम विभाग की मध्यस्थता में फैक्ट्री प्रबंधन और श्रमिकों के बीच वार्ता में 10 मांगों पर सहमति बनी। वार्ता में तय किया गया कि स्थायी श्रमिकों की वेतन वृद्धि के लिए उनका मांग पत्र सेवायोजक को प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं संविदा श्रमिकों को कार्य अनुभव के आधार पर कुशल श्रेणी में परिवर्तित किया जाएगा। सेवायोजक ने सहमति दी कि ओवरटाइम कारखाना अधिनियम-1948 के प्रावधानों और श्रमिकों की इच्छा के अनुसार कराया जाएगा। किसी भी श्रमिक से जबरन ओवरटाइम नहीं कराया जाएगा। नियमानुसार दिए जाने वाले चार अवकाश रोस्टर के अनुसार निर्धारित होंगे और रोस्टर की प्रति प्रत्येक माह की शुरुआत में नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी। फैक्ट्री प्रबंधन ने श्रमिकों को कैंटीन में गुणवत्तापूर्ण और पर्याप्त भोजन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। भोजन की दरों पर भी पुनर्विचार किया जाएगा। साथ ही सभी श्रमिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने, आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सैलरी स्लिप उपलब्ध कराने और शिफ्ट परिवर्तन आपसी सहमति से तय करने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा बोनस नियमानुसार देने, त्योहारी अवकाश का वेतन सभी श्रमिकों को समान रूप से देने और त्योहार के दिन वेतन कटौती नहीं करने का निर्णय लिया गया। पीस रेट पर कार्य करने वाले श्रमिकों की निर्धारित दरों में चार प्रतिशत की बढ़ोतरी कर अप्रैल 2026 के वेतन से एरियर सहित भुगतान किया जाएगा। 10 बिंदुओं पर सहमति बनने के बाद श्रमिक वापस काम पर लौट गए। इस दौरान सितारगंज सिडकुल इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण सत्यवली, प्लांट हेड रकम सिंह यादव, एचआर मैनेजर हैदर अब्बास और नगर पंचायत शक्तिगढ़ के सुमित मंडल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *