जयन्त प्रतिनधि।
कोटद्वार : लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग को एलिवेटेड बनाने की मांग को लेकर लोगों का धरना शनिवार को भी जारी रहा। लोगों ने मार्ग निर्माण नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। कहा कि जनता की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चिल्लरखाल वन चौकी के समीप एकत्रित लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस वे का शुभारंभ किया था। इसके बाद अब देहरादून से दिल्ली तक की दूरी मात्र ढाई घंटे की हो जाएगी। कहा कि सरकार को लालढांग-चिलरखाल मोटर मार्ग निर्माण पर भी ध्यान देना चाहिए। इस मार्ग के बनने से केवल कोटद्वार ही नहीं, पूरे गढ़वाल क्षेत्र का विकास होगा। कहा कि यह मार्ग कण्वाश्रम के विकास के लिए भी अति महत्वपूर्ण है। मार्ग बनने के बाद क्षेत्रवासियों को राजधानी देहरादून जाने के लिए उत्तर प्रदेश की सड़क से नहीं जाना पड़ेगा। कहा कि सरकार को मार्ग एलिवेटेड बनाने के लिए गंभीरता से कार्य करना चाहिए। इस मौके पर रविंद्र सौंद, देवेंद्र रावत, मधुसूदन नेगी, कृपाल सिंह, गणेश रावत, भारत काला, जगदीपक रावत, मोहन जोशी, गोवर्धन काला, नारायण सिंह आदि मौजूद रहे।