काम दिलाने के बहाने पेंट ठेकेदार पर जानलेवा हमला, दो दांत टूटे

Spread the love

रुद्रपुर। रुद्रपुर के ग्राम मल्सी निवासी एक पेंट ठेकेदार को काम दिलाने के बहाने बुलाकर अज्ञात युवकों ने लाठी, लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावर घायल को बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम मल्सी निवासी सद्दाम हुसैन पुत्र अखलाक अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पेंट का काम करता है। बीती 25 अप्रैल को उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई, जिसमें पेंट का काम कराने की बात कही गई। शुरुआत में उसने समय नहीं होने की बात कहकर मना कर दिया, लेकिन लगातार फोन और आग्रह करने पर वह बताए गए स्थान पर मिलने पहुंच गया। आरोप लगाया कि जैसे ही वह रामनगर से नए बाईपास रोड पर पहुंचा, वहां मौजूद एक युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी, लोहे की रॉड और पत्थरों से बेरहमी से मारपीट की। हमले में उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और आगे के दो दांत टूट गए। पीड़ित के अनुसार, लहूलुहान होकर जमीन पर गिरने के बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए दो बाइकों से फरार हो गए। इसके बाद उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सद्दाम ने बताया कि जिस नंबर से कॉल आई थी, ट्रूकॉलर पर उसका नाम आकाश सिंह प्रदर्शित हो रहा था। वहीं, एसएसआई अनिल सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *