बेंगलुरु के लग्जरी होटल में पिता ने की दो मासूम बेटियों की हत्या, सुसाइड नोट में लिखा पत्नी के बेवफाई का दर्द

Spread the love

बेंगलुरु , कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने एक आलीशान होटल के कमरे में अपनी दो मासूम बेटियों की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता ने खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल आरोपी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
होटल के सिक्योरिटी मैनेजर की कॉल से खुली वारदात
नॉर्थ ईस्ट बेंगलुरु के डीसीपी जीके मिथुन कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार शाम को उन्हें ताज होटल के सुरक्षा प्रबंधक (सिक्योरिटी मैनेजर) का फोन आया था। उसने दो बच्चियों की संदिग्ध मौत की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम जब मौके पर पहुंची, तो 5 और 10 साल की दो बच्चियां मृत अवस्था में मिलीं। मौके पर उनका पिता भी गंभीर हालत में तड़प रहा था, जिसे होटल सुरक्षाकर्मियों की मदद से तुरंत मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी मूल रूप से बेंगलुरु नॉर्थ के नागावारा इलाके का रहने वाला है।
सुसाइड नोट में लिखा पत्नी के बेवफाई का जिक्र
पुलिस की शुरुआती जांच में यह साफ हो गया है कि आरोपी पिता ने ही अपनी दोनों बच्चियों का गला घोंटा था। घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसने इस हत्याकांड के पीछे गहरे पारिवारिक विवाद की पोल खोल दी है। डीसीपी ने बताया कि आरोपी ने सुसाइड नोट में लिखा है कि उसका अपनी पत्नी के साथ गहरा विवाद चल रहा था। उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था और सुसाइड नोट में उसने दावा किया है कि उसके पास पत्नी के दूसरे पुरुषों के साथ होने के सबूत भी मौजूद हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और इन सभी दावों की बारीकी से जांच कर रही है।
दिल्ली में भी पति ने पत्नी और बेटी पर किया चाकू से जानलेवा हमला
इस दर्दनाक घटना के अलावा देश की राजधानी दिल्ली में भी पारिवारिक कलह का एक खौफनाक मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने 4 अगस्त को एक शख्स को अपनी ही पत्नी और 15 साल की बेटी की चाकू घोंपकर हत्या करने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह सनसनीखेज वारदात मानसरोवर पार्क इलाके की है। 1 अगस्त को जीटीबी अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली थी कि 38 वर्षीय पूनम और उनकी बेटी को चाकू के गहरे घावों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार करने के साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *