कमलेश्वर मोहल्ले में लाइन में लगे पांच सौ लोग, 288 को मिले सिलिंडर

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : नगर के कमलेश्वर बागवान क्षेत्र में दो महीने के लंबे इंतजार के बाद बुधवार को रसोई गैस सिलिंडर की खेप पहुंची। सिलिंडर आने की सूचना पर उपभोक्ता सुबह चार बजे से ही लाइन में खड़े हो गए। स्थिति यह थी कि उजाला होते-होते तक सीतापुर नेत्र चिकित्सालय के मैदान में करीब 500 लोगों की भीड़ जमा हो गई। मगर सिलिंडर 288 को ही मिल पाए। इस पर लोगों ने आक्रोश जताया। गैस एजेंसी के प्रबंधन ने चार बाद फिर गैस का वाहन आने का आश्वासन दिया। वहीं पार्षद ने चेतावनी दी है कि यदि चार दिन के भीतर दोबारा गैस की आपूर्ति नहीं हुई, तो वे जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे।
बुधवार सुबह करीब 9 बजे जब इंडेन गैस एजेंसी का वाहन मैदान में पहुंचा तो महिलाओं और लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। व्यवस्था बनाने के लिए नगर निगम पार्षद सूरज नेगी अपनी टीम विजय, पंकज, बंटी, जगमोहन रावत और गौरव के साथ डटे रहे। इस दौरान स्थानीय लोगों और टीम के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। एजेंसी की गाड़ी में कुल 288 सिलिंडर थे जबकि कतार में 500 से अधिक लोग खड़े थे। दोपहर 3 बजे तक गैस बांटी गई और फिर स्टॉक खत्म हो गया। इस पर लोगों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि सुबह से भूख-प्यासे लाइन में लगे हैं, लेकिन सिलिंडर नहीं मिला। पार्षद सूरज नेगी ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में गैस एजेंसी के मैनेजर से वार्ता की है। मैनेजर ने आश्वासन दिया कि जो लोग छूट गए हैं उन्हें चार दिन बाद अगली गाड़ी आने पर प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी। (एजेंसी)

स्थिति ठीक होते ही होम डिलिवरी होगी शुरू
श्रीनगर गढ़वाल : नगर क्षेत्र में इंडेन गैस सिलिंडर की होम डिलिवरी नहीं हो रही है। लोग सिलिंडर बुक कराने कार्यालय में जा रहे हैं लेकिन उनके बुकिंग भी नहीं हो रही है। एजेंसी के अधिकारियों का कहना है कि ऑन स्पॉट ही सारी प्रक्रियाएं होंगी। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर क्षेत्र में इंडेन गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं का बैकलॉग करीब 3000 है। इस बैकलॉग को पूरा करने में एजेंसी के पसीने छूटे हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में तो कई महीनों से सिलिंडर का वाहन ही नहीं पहुंचा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि इंडेन गैस एजेंसी से वितरण सही तरीके से नहीं हो रहा है। वहीं इंडेन गैस एजेंसी के प्रभारी मैनेजर एनके कपरवाण का कहना है कि एक सप्ताह में स्थिति ठीक कर दी जाएगी। पुराना बैकलॉग भी है। हरिद्वार से ही सिलिंडर की आपूर्ति कम हो रही है। स्थिति ठीक होते ही होम डिलिवरी सुचारु कर दी जाएगी। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *