जंगली मशरूम लेने जंगल गई पांच महिलाएं भटकीं

Spread the love

हर्रावाला। पुट-पुट (जंगली मशरूम) लेने के लिए जंगल गईं नत्थनपुर-जोगीवाला की पांच महिलाएं रास्ता भटक गईं। सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीआरएफ, वन विभाग और स्थानीय वन गुर्जरों ने करीब पांच घंटे तक संयुक्त सर्च अभियान चलाकर महिलाओं को सात-आठ किलोमीटर जंगल के भीतर से सकुशल रेस्क्यू किया।
नत्थनपुर-जोगीवाला निवासी पांच महिलाएं मंगलवार सुबह लच्छीवाला रेंज के जंगल में जंगली मशरूम (पुट-पुट) एकत्र करने गई थीं। दोपहर बाद घने जंगल में रास्ता भटक गईं। शाम करीब चार बजे रीनू नामक महिला ने 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना दी कि पांच महिलाएं जंगल में फंस गई हैं और बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिल रहा है। पुलिस ने कॉलर से संपर्क किया, लेकिन महिलाएं अपनी सही लोकेशन नहीं बता पा रही थीं। जिस पर चौकी हर्रावाला पुलिस, एसडीआरएफ, लच्छीवाला रेंज के वनकर्मियों और स्थानीय वन गुर्जरों की संयुक्त टीम ने मढ़ी माई मंदिर से जंगल के भीतर सर्च अभियान शुरू किया। घने जंगल और दुर्गम रास्तों के बीच करीब पांच घंटे तक लगातार अभियान चलाया गया। टीम ने लगभग सात से आठ किलोमीटर अंदर जंगल में पहुंचकर सभी पांच महिलाओं को सकुशल खोज निकाला। इसके बाद उन्हें सुरक्षित जंगल से बाहर लाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *