मलबे और दलदल के कारण हाईवे पर थम रही रफ्तार

Spread the love

गोपेश्वर। चमोली जनपद में मंगलवार देर रात से शुरू हुई बारिश बुधवार सुबह नौ बजे तक जारी रही। लगातार बारिश के बावजूद बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब तथा पंच केदारों के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। उन्होंने बारिश के बीच ही दर्शन-पूजन किया। वहीं बारिश से बदरीनाथ हाईवे कई हिस्सों में बदहाल हो गया है। भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में मिट्टी दलदल में तब्दील होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। गौचर के निकट कमेड़ा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) की ओर से सड़क पर मिट्टी और पत्थरों का भरान किया जा रहा है। बारिश के कारण यहां कीचड़ और दलदल बनने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा पर्थाडीप, भनेरपाणी और गुलाबकोटी क्षेत्र में भी सड़क पर मलबा जमा होने से यातायात सुचारु रूप से संचालित नहीं हो पा रहा है जिससे यात्रियों को अतिरिक्त समय लग रहा है। वहीं एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होते ही प्रभावित स्थानों पर मलबा हटाने और सड़क को सुरक्षित बनाने का कार्य तेज किया जाएगा। हाईवे पर यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *