जंगल में लगी आग पर पाया काबू

Spread the love

बागेश्वर। कौसानी स्थित अनामय आश्रम के समीप जंगल में बुधवार को लगी भीषण आग पर फायर स्टेशन गरुड़ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समय रहते काबू पा लिया। फायर कर्मियों की सक्रियता से आग को आबादी क्षेत्र और सड़क तक फैलने से रोक दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार अनामय आश्रम के पास जंगल में अचानक आग भड़क उठी। आग सड़क के बेहद करीब पहुंच गई थी, जिससे वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होने लगी। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन गरुड़ की टीम मिनी वॉटर टेंडर के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने तेजी से मोर्चा संभालते हुए लगातार पंपिंग कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने आग पर नियंत्रण पा लिया और उसे सड़क व नजदीकी आबादी तक फैलने से रोक दिया। साथ ही आसपास की वन संपदा को भी सुरक्षित बचा लिया गया। स्थानीय लोगों ने फायर टीम की तत्परता और साहस की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। फायर विभाग ने लोगों से जंगलों में आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति की तुरंत सूचना देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *