चार बार की ओलंपियन दीपिका कुमारी एशियन गेम्स से बाहर

Spread the love

नईदिल्ली, जापान में 19 सितंबर से शुरू होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारत की महिला और पुरुष तीरंदाजी टीम फाइनल हो गई है. इस टीम से जुड़ी सबसे बड़ी खबर यह है कि चार बार की ओलंपियन दीपिका कुमारी टीम में जगह बनाने में नाकाम रहीं.
इसके अलावा पूर्व भारतीय नंबर 1 अतनु दास और जाने-माने कंपाउंड तीरंदाज अभिषेक वर्मा भी सिलेक्शन ट्रायल्स में निराशाजनक प्रदर्शन के कारण एशियन गेम्स की टीम में जगह बनाने से चूक गए.
चार बार की ओलंपियन दीपिका भारतीय खेल प्राधिकरण सेंटर में हुए ट्रायल्स में एशियन गेम्स के लिए कट-ऑफ पार नहीं कर पाईं. ये ट्रायल्स एशियन गेम्स की टीम और आने वाले तीरंदाजी वर्ल्ड कप के तीसरे और चौथे चरण के लिए खिलाड़ियों के चयन के लिए आयोजित किए गए थे.
दीपिका भारतीय वर्ल्ड कप टीम में अपनी जगह बनाए रखने में तो सफल रहीं, लेकिन एशियन गेम्स की टीम में जगह बनाने से चूक गईं. वह रिकर्व तीरंदाजों की रैंकिंग में चौथे स्थान पर रहीं.
महिलाओं की रिकर्व कैटेगरी में, टीनएजर कीर्ति शर्मा और कुमकुम मोहद ने सबसे शानदार प्रदर्शन किया. 19 वर्षीय कीर्ति 13.5 अंकों के साथ रैंकिंग में शीर्ष पर रहीं, जबकि महाराष्ट्र की कुमकुम दूसरे स्थान पर रहीं.
ओलंपियन अंकिता भकत ने शूट-ऑफ में दीपिका कुमारी को पीछे छोड़ते हुए एशियन गेम्स के लिए तीसरी और आखिरी जगह पक्की कर ली. यह लगातार दूसरा एशियन गेम्स होगा जिसमें दीपिका भारतीय टीम का हिस्सा नहीं होंगी.
पुरुषों की रिकर्व कैटेगरी में, धीरज बोम्मादेवरा ने ट्रायल्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए 15.5 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया. नीरज चौहान 12.25 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि यशदीप भोगे ने 11 अंकों के साथ एशियन गेम्स के लिए तीसरी जगह पक्की कर ली.
अतनु दास सिर्फ एक अंक के मामूली अंतर से एशियन गेम्स के लिए क्वालीफाई करने से चूक गए, लेकिन उन्होंने वर्ल्ड कप के विभिन्न चरणों के लिए भारतीय टीम में अपनी जगह बनाए रखी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *