देहरादून, देहरादून के सहसपुर क्षेत्र में भूमि खरीद-बिक्री के नाम पर 65 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कोतवाली सहसपुर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, हरर्बटपुर, विकासनगर निवासी डॉ. शैलेन्द्र तिवारी ने कोतवाली सहसपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि रजनीश सैनी, प्रियाशु सैनी, हर्षवर्धन, दीपक तथा अन्य लोगों ने आपसी साजिश के तहत भूमि का सौदा कराने के नाम पर फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और उनसे 65 लाख रुपये धोखाधड़ी से प्राप्त कर लिए।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत की जांच के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली सहसपुर में मु0अ0सं0-77/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (इठर) की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2), 351(3), 352 एवं 61(2) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपी दीपक की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिले। इसके बाद पुलिस टीम ने 5 अगस्त 2026 को धर्मावाला क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।