कार की टक्कर से साइकिल सवार फल विक्रेता की मौत

Spread the love

रुद्रपुर। रुद्रपुर के रामपुर रोड पर रविवार सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल सवार फल विक्रेता की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्राम मेड़ियान, तहसील शाहबाद, जिला रामपुर निवासी 45 वर्षीय तौफीक अहमद पुत्र अली हुसैन रुद्रपुर के प्रीत विहार क्षेत्र में फल की रेहड़ी लगाते थे। रविवार सुबह वह साइकिल से मंडी फल खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान रामपुर रोड पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तौफीक अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि तौफीक अहमद परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। वह अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और चार बेटे छोड़ गए हैं। वहीं, बिलासपुर पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *