वाहनों के दबाव से ट्रैफिक हुवा पूरी तरह बेपटरी

Spread the love

ऋषिकेश। वीकेंड पर रविवार को एक बार फिर ऋषिकेश की सड़कों पर ट्रैफिक बेपटरी हो गया। चारधाम यात्रा और पर्यटक वाहनों के दबाव से सुबह से लेकर देर शाम तक वाहन रेंग-रेंग कर गुजरे। इसकी वजह से भीषण गर्मी के बीच जाम में फंसे लोगों को काफी मुसीबत उठानी पड़ी। दरअसल, वीकेंड पर रविवार सुबह से ही दिल्ली, पंजाब, हरियाणा समेत अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक सैर-सपाटे के लिए ऋषिकेश पहुंचने शुरू हुए। इसके चलते सुबह करीब दस बजे से ही सड़कों पर जाम लगना शुरू हो गया। दोपहर में पर्यटक वाहनों के दबाव से ट्रैफिक पूरी तरह बेपटरी हो गई। वाहनों को नियंत्रित करने में पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए। दोपहर 12 बजे श्यामपुर से ऋषिकेश तक ट्रैफिक फंसा तो पुलिस को प्लान-बी डायवर्जन लागू करना पड़ा, जिसमें हरिद्वार से आ रहे यात्री और पर्यटक वाहनों को दून-हरिद्वार हाईवे स्थित नेपालीफार्म फ्लाईओवर से भानियावाला की तरफ डायवर्ट किया गया। भानियावाला से रानीपोखरी होते हुए वाहन ऋषिकेश पहुंचे। डायवर्जन में फ्लाईओवर से वैदिकनगर तक वाहनों की कतारें भी लगी दिखीं। दोपहर दो बजे के बाद डायवर्जन को हटाया गया, जिसके बाद नेपालीफार्म से श्यामपुर होते हुए पर्यटक और यात्री वाहन सीधे ऋषिकेश पहुंचे। वहीं, मुनिकीरेती में भी ट्रैफिक को नियंत्रित रखने के लिए पहाड़ी रूटों से आ रहे वाहनों को गंगोत्री हाईवे पर नरेंद्रनगर से गुजराड़ा और फिर रानीपोखरी मार्ग से ऋषिकेश और देहरादून भेजा गया, जबकि बदरीनाथ हाईवे पर हरिद्वार जाने वाले ट्रैफिक को गरुड़चट्टी से डायवर्ट कर हिल बाईपास रोड से बैराज होते हुए चीला मार्ग से हरिद्वार भेजा गया। यातायात निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि सैलानियों के वाहनों का अत्याधिक दबाव होने की वजह से डायवर्जन लागू करना पड़ा। दिन में चार बजे के बाद बाइपास रोड पर स्थिति सामान्य हो गई थी।
जयराम चौक से चंद्रभागा तिराहे तक फंसा ट्रैफिक: शहर में मुख्य मार्ग पर भी रविवार को स्लो ट्रैफिक की समस्या बनी रही। जयराम चौक से चंद्रभागा तिराहे तक वाहन सुबह से लेकर शाम तक रेंगते रहे। चारधाम और पर्यटकों के अलावा सोमवार को गंगा दशहरा पर स्नान के लिए भी श्रद्धालुओं के पहुंचने से भी ट्रैफिक की समस्या पैदा हुई। भीषण गर्मी में पुलिसकर्मी और होमगार्ड चौक-चौराहों पर यातायात को नियंत्रित करने का प्रयास करते दिखे, मगर संकरी सड़कों पर वाहनों के अत्याधिक दबाव में वह भी ट्रैफिक सुचारु रखने में बेबस दिखे।
एसएसपी ने खुद सड़कों पर कमान संभालने उतरीं: टिहरी एसएसपी श्वेता चौबे रविवार को मुनिकीरेती और तपोवन में ट्रैफिक को सुचारु रखने के लिए खुद सड़कों पर कमान संभालतीं नजर आईं। उन्होंने पुलिस कर्मियों के साथ वाहनों के डायवर्जन व अन्य प्वाइंट का निरीक्षण भी किया। भीषण गर्मी में ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात जवानों को उन्होंने एनर्जी ड्रिंक वितरित की और उनका हौसला बढ़ाते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। निरीक्षण में सीओ सुरेंद्र सिंह भंडारी, थानाध्यक्ष प्रदीप चौहान भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *