चम्पावत। लोहाघाट में रसोई गैस के बाद अब पेट्रोल और डीजल की किल्लत होने लगी है। यहां तीन में से दो पेट्रोल पंप में ईधर खत्म हो गया है। एकमात्र पेट्रोल पंप से दोपहिया वाहनों को महज सौ रुपये का पेट्रोल ही दिया जा रहा है। पेट्रो पदार्थों में कमी से लोगों की दिक्कत बढ़ गई हैं। लोहाघाट में अब डीजल और पेट्रोल के लिए लोगों को संघर्ष करना पड़ रहा है। यहां तीन में से दो पेट्रोल पंप में तेल खत्म हो गया है। इस वजह से उपभोक्ताओं को सीमित मात्रा में डीजल और पेट्रोल दिया जा रहा है। यहां चम्पावत मार्ग में स्थित एक पेट्रोल पंप में पेट्रोल और डीजल मिल रहा है। यहां भी सीमित मात्रा में तेल दिया जा रहा है। उपभोक्ता राम सिंह, मोहन चंद्र, ललित मोहन, श्याम सिंह, महेश कुमार आदि ने बताया कि गुरुवार को दोपहिया वाहन में मात्र सौ रुपये का पेट्रोल भरा गया। चौपहिया वाहनों में पांच सौ रुपये का पेट्रोल और दो हजार रुपये का डीजल दिया गया। कम मात्रा में ईधन मिलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने जल्द पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। इधर पूर्ती निरीक्षक चंद्रकला चतुर्वेदी ने बताया कि तेल वितरण को लेकर किसी तरह के आदेश नहीं दिए गए हैं। बताया कि गुरुवार सुबह एक तेल टैंकर पहुंचा।-