गढ़वाल कप फुटबाल की विजेता बनी 16वीं गढ़वाल

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन। गढ़वाल राइफल्स इंटर बटालियन फुटबाल चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में 16वीं गढ़वाल ने 12वीं गढ़वाल को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। 16वीं गढ़वाल ने फाइनल मुकाबला 1-0 से जीता। मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी व गढ़वाल राइफल्स के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर पुरस्कृत किया।
जीआरआरसी के डाइस स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच का उद्घाटन गढ़वाल राइफल्स के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने किया। मैच के पहले हाफ तक दोनों टीमें बराबरी पर थी। दूसरे हाफ के 15वें मिनट में 16वीं गढ़वाल टीम के खिलाड़ी अनुज नेगी ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। 12वीं गढ़वाल ने गोल करने के लिए पूरी ताकत झोंकी, लेकिन गोल नहीं कर सकी। 16वीं गढ़वाल ने फाइनल मुकाबला 1-0 के मामूली अंतर से जीत लिया। इससे पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में 16वीं गढ़वाल ने 15वीं गढ़वाल को 1-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि 12वीं गढ़वाल टीम 2/3 गोरखा राइफल्स को 3-0 से पराजित कर फाइनल में पहुंची थी। इस टूर्नामेंट में 15 टीमों ने शिरकत की थी। गढ़वाल कप फुटबाल टूर्नामेंट की विजेता टीम 16वीं गढ़वाल इससे पहले 1988 में 3वीं गढ़वाल के साथ गढ़वाल कप की संयुक्त विजेता रही थी। इसके अलावा वर्ष 1990, 2017, 2021, 2022 में भी 16वीं गढ़वाल ने टूर्नामेंट का खिताब जीता था। इस मौके पर गढ़वाल राइफल्स के डिप्टी कमांडेंट कर्नल कुलदीप सिरोही, परिवार कल्याण संगठन की अध्यक्ष रेखा नेगी, सूबेदार मेजर नंदकिशोर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *