अल्मोड़ा। रानीखेत के मजखाली क्षेत्र से करीब एक सप्ताह से लापता 28 वर्षीय युवती को अल्मोड़ा पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने घने जंगल से सकुशल बरामद कर लिया। लगातार बारिश और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के बीच पांच दिन तक चले सघन सर्च अभियान के बाद मंगलवार शाम सुंदरखाल के जंगल में युवती का पता चला। प्राथमिक उपचार के बाद उसे स्ट्रेचर के सहारे करीब छह किलोमीटर पैदल मुख्य सड़क तक लाया गया, जहां से एंबुलेंस से राजकीय चिकित्सालय रानीखेत भेजा गया। पुलिस के अनुसार रानीखेत निवासी गिरीश पुजारी ने तीन जुलाई को कोतवाली में बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। युवती एक जुलाई की शाम घर से बिना बताए चली गई थी और परिजनों की काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पीएसी, डॉग स्क्वॉड और वन विभाग की संयुक्त टीमों ने मजखाली, कालिका, दलमोटी, सुंदरखाल और बूबूधाम के जंगलों में लगातार कॉम्बिंग की। 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ड्रोन कैमरों की भी मदद ली गई। मंगलवार शाम संयुक्त टीम ने सुंदरखाल गांव से करीब चार किलोमीटर दूर जंगल में युवती को खोज निकाला।