कोटद्वार-पौड़ी

नव नियुक्त जिलाध्यक्ष गीता नेगी का किया भव्य स्वागत

Spread the love
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी के द्वारा पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं पार्षद श्रीमती गीता नेगी को महिला कांग्रेस जिला कोटद्वार का अध्यक्ष बनाये जाने पर अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, महापौर श्रीमती हेमलता नेगी ने नव नियुक्त जिलाध्यक्ष गीता नेगी का भव्य स्वागत किया। पूर्व काबीना मंत्री ने कहा कि श्रीमती गीता नेगी ने विकासखंड दुगड्डा का ब्लॉक प्रमुख रहते हुए विकास कार्यो को अंजाम दिया, अब नगर निगम में पार्षद की भूमिका का भी बखूबी निर्वहन कर रही है। उनके कार्यो एवं राजनीतिक कौशल को देखते हुए प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष बनाकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर मातृशक्ति का सम्मान किया है।
निबूंचौड स्थित एक वैडिंग प्वाइंट में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि जिस आशा एवं विश्वास के साथ आम जनमानस ने भाजपा को पूर्ण बहुमत की सरकार दी थी, लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार ने लोगों के विश्वास को चकनाचूर कर दिया है। विकास के बजाय सिर्फ अपना विकास करने में पूरा समय व्यर्थ गंवा दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की विकास विरोधी नीतियों से तंग आकर अब कांग्रेस के पक्ष में पूरा माहौल बन गया है, आगामी 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रचंड बहुमत से सरकार बनायेगी। कांग्रेस की सरकार बनते ही भाजपा के सारे जनविरोधी निर्णयों को बदलते हुए समग्र विकास का खाका खीचेंगी। उन्होंने कोटद्वार विधानसभा में विकास कार्यो को ठप करने के लिए क्षेत्रीय विधायक हरक सिंह रावत को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि क्षेत्रीय विधायक कोटद्वार में सिर्फ सैर सपाटा एवं पिकनिक मनाने आते है, उन्हें कोटद्वार के विकास से कोई लेना देना नहीं है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मेडिकल कालेज, लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग, केन्द्रीय विद्यालय, कण्वाश्रम सहित दर्जनों स्वीकृत कार्यों को ठप करवाकर वर्तमान विधायक ने कोटद्वार के साथ धोखा किया है। जिसका जबाब जनता आगामी 2022 के चुनाव में देगी।
नव नियुक्त जिलाध्यक्ष श्रीमती गीता नेगी ने कहा कि प्रदेश कांगे्रस के शीर्ष नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर वह खरा उतरने की हर संभव कोशिश करेगी। कांग्रेस के सभी संगठनों को साथ लेकर आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को भारी बहुमत से जीत दिलाकर कोटद्वार विधानसभा के अवरूद्घ विकास के मार्ग को प्रशस्त करेगी। जिलाध्यक्ष डॉ़ चन्द्रमोहन खर्कवाल की अध्यक्षता में कार्यक्रम का संचालन महामंत्री हेमचंद्र पंवार ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!