ग्र्राम पंचायत के मिनी सचिवालय का हुआ लोकार्पण

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विकासखंड दुगड्डा क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम पंचायत जौरासी में नवनिर्मित मिनी सचिवालय पंचायत भवन का लोकार्पण किया गया। पंचायत भवन ग्राम पंचायत के प्रशासनिक कार्यों, बैठकों और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों के संचालन में उपयोगी होगा। इस अवसर पर ग्राम प्रधान चंडी प्रसाद कुकरेती ने भूमि दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भूमि का दान केवल सम्पत्ति का त्याग नहीं, बल्कि गांव समाज के भविष्य और विकास एवं आने वाली पीढ़ियों के लिए किया गया एक महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा को आदर्श ग्राम सभा की श्रेणी में लाने के लिए पूरे प्रयास किए जाएंगे।


कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि मिनी सचिवालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि ग्राम विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे पंचायत के कार्यों के संचालन और ग्रामीणों को सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। पंचायत भवन के निर्माण के लिए निजी भूमि दान करने वाले कलीराम कुकरेती, वेद प्रकाश कुकरेती, सीला देवी कुकरेती, शशिकांत कुकरेती, पंकज कुकरेती, राकेश कुकरेती, राजेश कुकरेती, कांति देवी कुकरेती और कांता देवी कुकरेती की सराहना की गई। इन परिवारों ने अपने पूर्वजों की स्मृति में भूमि दान की।कार्यक्रम की अध्यक्षता भूमि दानदाता वेद प्रकाश कुकरेती ने की। इस मौके पर ग्राम प्रधान चंडी प्रसाद कुकरेती, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुमन कोटनाला, पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हेमंत बहुखंडी, जिला पंचायत सदस्य प्रमिला देवी बलूनी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) जयदीप रावत, देवेन्द्र बिष्ट, अनूप जोशी, विशाल सैनी, नीरज नेगी, विजय चंदोला, मुकेश डबराल, वीरेन्द्र प्रसाद डबराल, मनोहरी प्रसाद बलूनी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *