लेवड़ा नदी के पुल के पास दिखा गुलदार

Spread the love

अल्मोड़ा। जंगल सीमा से सटे ग्राम चनकपुर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से गुलदार की दस्तक से ग्रामीण खासे दहशत में हैं। गांव के नजदीक लेवड़ा नदी के पुल के पास गुलदार की मौजूदगी मिली है इससे ग्रामीण भयभीत हैं जिन्होंने वन विभाग से गुलदार को पकड़कर जंगल में छोड़ने की गुहार लगाई है। ग्राम पंचायत चनकपुर के अंतर्गत लेवड़ा नदी होकर गुजर रही है, जोकि जंगल से होकर बाजपुर की तरफ आती है। वहीं नदी के किनारे-किनारे जंगली जानवर भी आबादी क्षेत्र में आ जा रहे हैं। ग्राम भूड़पुरी निवासी जीत सिंह घास काटने नदी किनारे गया था। जीत सिंह के अनुसार उसने नदी किनारे गुलदार को देखा है और वहां से किसी तरह भाग कर जान बचाई है। वहीं ग्रामीणों का कहना था कि पिछले कुछ दिनों से गुलदार का आतंक बना हुआ है जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। कहा कि ग्रामीणों का जंगल सीमा से आना-जाना होता है और उनके आवास भी जंगल सीमा से सटे हुए हैं। उन्होंने गुलदार को पकड़कर जंगल में छोड़ने की गुहार लगाई है। बताते चलें कि जिस जगह ग्रामीण जीत सिंह को गुलदार दिखाई दिया है यहां दो दिन पहले एक गुलदार फंदे में फंसा हुआ मिला था जिसे वन टीम ने रेस्क्यू करके फंदे से मुक्त कराया था और बाद में उसे जंगल में ले जाकर सुरक्षित छोड़ दिया था। इस बार फिर गुलदार नजर आने पर ग्रामीणों ने खेतों की ओर जाना छोड़ दिया है। शाम होते ही लोग घरों में दुबक जाने को मजबूर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *