हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में दिनदहाड़े एक युवक पर चाकू से हमला कर चार लाख रुपये लूटे जाने का मामला सामने आया है। घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि पौड़ी जिले का रहने वाला युवक देहरादून से हल्द्वानी पहुंचा था। बस से उतरने के कुछ ही देर बाद एक अज्ञात युवक ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और उसके बैग में रखे करीब चार लाख रुपये लेकर फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पौड़ी जिले के निवासी विकास देहरादून में डिजिटल मार्केटिंग का काम करते हैं। बताया गया है कि उन्हें हल्द्वानी के एक कारोबारी सुनील को चार लाख रुपये का भुगतान करना था। इसी सिलसिले में विकास शनिवार देर रात देहरादून से हल्द्वानी के लिए रवाना हुए और रविवार तड़के करीब चार बजे हल्द्वानी बस अड्डे पहुंचे।
बताया जा रहा है कि बस से उतरते ही एक अज्ञात युवक ने विकास को चाकू की नोक पर लेकर रुपये देने की मांग की। विकास ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनके पेट पर चाकू से वार कर दिया। चाकू नाभि के पास लगने से विकास गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीर ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद विकास के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर एक राहगीर मौके पर पहुंचा और घायल युवक को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल विकास का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घायल युवक का दावा है कि वारदात के बाद उसके बैग से करीब चार लाख रुपये गायब हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की तलाश
पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटना कोतवाली के सामने होने की बात सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। घटना के वास्तविक कारणों और लूट की रकम की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।