मेधावी छात्रा जस्सी गौडियाल का सम्मान

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार की होनहार छात्रा जस्सी गौडियाल ने 12वीं कक्षा में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि पर आजाद समाज पार्टी की ओर से सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने जस्सी की सफलता को मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम बताते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर छात्रों को शिक्षा के महत्व और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। चंद्रशेखर आजाद ने वीडियो कॉल के माध्यम से जस्सी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें भारत की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्री फूले की प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुषमा ने कहा कि जस्सी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से पूरे समाज का मान बढ़ाया है। जिलाध्यक्ष अमन कुमार ने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम में बाल्मिकी समाज के अध्यक्ष, सफाई कर्मचारी यूनियन अध्यक्ष सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि बेटियों की शिक्षा और सफलता समाज के विकास की मजबूत नींव है तथा ऐसे मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने से अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *