महिला को बातचीत में उलझाकर उड़ाई थी सोने की चेन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : ऑटो में सफर कर रही महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय बाबरिया गैंग का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिलाओं को बातचीत में उलझाकर जेवरात चोरी करने की वारदातों को अंजाम देते थे।
घटना उस समय हुई जब घमंडपुर निवासी एक महिला लालबत्ती चौक से ऑटो में बैठकर घर लौट रही थी। ऑटो में मौजूद कुछ महिलाओं ने सफर के दौरान उससे बातचीत शुरू कर दी और मौका मिलते ही उसके गले से करीब एक तोले की सोने की चेन पार कर दी। महिला को चोरी की जानकारी तब हुई, जब वह अपने गंतव्य पर पहुंची। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने शहर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध कार नजर आई। तकनीकी साक्ष्यों और सुरागरसी के आधार पर पुलिस टीम हरियाणा के पानीपत पहुंची, जहां से राजेंद्र सिंह और मुस्कान को गिरफ्तार किया गया। मामले में एक अन्य महिला आरोपी अभी फरार है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विशेष रूप से महिलाओं को निशाना बनाते थे और भीड़भाड़ वाले वाहनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार चोरी की गई चेन को आरोपियों ने पानीपत में करीब 80 हजार रुपये में बेच दिया था। आरोपियों के पास से 23 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की गई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राजेंद्र उर्फ नरेश एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ हरियाणा में लूट और चेन स्नैचिंग के कई मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।