रुद्रप्रयाग : केदारनाथ यात्रा मार्ग पर शुक्रवार दोपहर को चीरबासा हेलिपैड के समीप पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने से एक घोड़ा संचालक की मौत हो गई जबकि एक यात्री घायल हो गया। घटना के बाद यात्रा मार्ग पर अफरातफरी का माहौल रहा। जानकारी के अनुसार शुक्रवार 2:54 बजे चीरबासा हेलिपैड के निकट पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे। आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सूचना पर पुलिस, डीडीआरएफ, वाईएमएफ और आपदा मित्रों की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पत्थर की चपेट में आने से बड़ासू निवासी घोड़ा संचालक देवेश सिंह (23) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि राजस्थान निवासी यात्री विष्णु घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए गौरीकुंड स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। उन्होंने बताया कि घायल का इलाज चल रहा है। (एजेंसी)