छात्रावास शुल्क वृद्धि अग्रिम आदेशों तक स्थगित

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में छात्रावास शुल्क वृद्धि को लेकर चल रहे मामले में विवि प्रशासन ने फिलहाल राहत दी है। मुख्य छात्रावास अधीक्षक डॉ. सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने छात्रसंघ पदाधिकारियों को दिए लिखित आश्वासन में स्पष्ट किया है कि विगत वर्ष के छात्रावास की शुल्क वृद्धि अग्रिम आदेशों तक स्थगित रहेगी और इसमें 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि नहीं होगी।


छात्रसंघ पदाधिकारियों के नेतृत्व में शुक्रवार देर सायं तक छात्रावास शुल्क वृद्धि के विरोध में डीएसडब्ल्यू कार्यालय में डटे रहे। इस दौरान छात्रों ने कहा कि विवि प्रशासन की ओर से छात्रावास शुल्क में 60 प्रतिशत तक की वृद्धि कर दी गई, इससे छात्रों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि विवि ने नए प्रॉस्पेक्टस में भी छात्रावास शुल्क फीस बढ़ाने का प्रस्ताव रखा। उनकी मांग थी कि पूर्व वर्षों की तरह ही छात्रावास शुल्क को रखा जाए, जिससे छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े। छात्रों के आक्रोश को देखते हुए विवि को अपने इस निर्णय पर पीछे हटना पड़ा और रात करीब साढ़े आठ बजे विवि के मुख्य छात्रावास अधीक्षक प्रो. एसएस बिष्ट ने छात्रसंघ अध्यक्ष महिपाल सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष शिवांक नौटियाल और सचिव अनुरोध पुरोहित को दिए लिखित पत्र में आश्वासन दिया कि विगत वर्ष के छात्रों की शुल्क वृद्धि अग्रिम आदेशों तक स्थगित रहेगी व गत वर्ष के छात्रावासियों से पूर्व में जो शुल्क लिया जा रहा था, उसमें छात्रावास शुल्क समिति के द्वारा 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि नहीं होगी। कहा उक्त निर्णय शुल्क समिति के अनुमोदन के बाद 11 अगस्त तक अधिसूचित कर दिया जाएगा। लिखित आश्वासन के बाद छात्रों ने अपना धरना समाप्त किया। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *