नीदरलैंड में पीएम मोदी ने 16 मई को लेकर कहा कुछ ऐसा कि लोग रह गए दंग, तालियों से गूंज उठा हॉल

Spread the love

नई दिल्ली , द हेग में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्षण भर का टास्क दिया। वह अचानक खामोश हो गए और कुछ सेकंड बाद बोले, सोचें कि क्या हुआ था 16 मई को। इसके बाद पीएम मोदी ने उस उपलब्धि का जिक्र किया, जिसके बाद पूरा हॉल तालियों और मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा। अपने लोगों के बीच प्रधानमंत्री ने सहज अंदाज में 16 मई का जिक्र किया। उन्होंने कहा, आज 16 मई है, और ये दिन एक और वजह से बहुत विशेष है (फिर मुस्कुरा कर भाषण को अल्प विराम दिया)…आज से 12 वर्ष पहले 16 मई 2014 को कुछ खास हुआ था। 2014 में आज के ही दिन लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे। दशकों बाद भारत में स्थिर और पूर्ण बहुमत वाली सरकार का बनना पक्का हुआ था। एक वो दिन था और एक आज का दिन है। कोटि-कोटि भारतवासियों का विश्वास मुझे न रुकने देता है और न थकने देता है। पीएम मोदी ने जैसे ही ये बात कही हॉल मोदी-मोदी के नारों, जयकार और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
प्रधानमंत्री ने इसके बाद अहम् से वयम् की गाथा सुनाई। उन्होंने कहा, मैं बहुत छोटी आयु में ही देशभक्ति के रंग में रंग गया। आप ही मेरे परिवार बन गए। अहम् से वयम् का रास्ता चुन लिया। फिर आपका सुख ही मेरा सुख बन गया और आपका कल्याण ही मेरा कर्तव्य बन गया।
फिर भारत के प्रधानमंत्री ने आगे कहा, 13 वर्ष मुख्यमंत्री के रूप में, 12 वर्ष प्रधानमंत्री का सेवाकाल, लोकतांत्रिक विश्व में 25 वर्षों तक करोड़ों-करोड़ वोटर्स का लगातार समर्थन—ये मेरे लिए बहुत ही बड़े सौभाग्य की बात है। मेरे लिए ये सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है। ये आपका आशीर्वाद मेरी बहुत बड़ी पूंजी है।
भारत की पूंजी उसका युवा और उसकी आकांक्षाएं हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने उस सपने को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आज हमारा भारत बहुत बड़ा सपना देख रहा है। आज देश कह रहा है—हमें सिर्फ ट्रांसफॉर्मेशन नहीं चाहिए, हमें बेस्ट चाहिए, हमें फास्टेस्ट चाहिए। इसलिए जब भारत में एस्पिरेशन अनलिमिटेड हैं, तो एफर्ट्स भी लिमिटलेस हो रहे हैं। आज भारत का युवा आसमान छूना चाहता है।
प्रधानमंत्री ने दावा किया कि आज का भारत बदलाव के सकारात्मक दौर से गुजर रहा है। आगे बोले, आज का भारत एक अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। आपने हाल में देखा होगा कि दुनिया की सबसे बड़ी और सफल एआई समिट भारत ने आयोजित की। उससे पहले जी-20 की सफल समिट भी भारत ने आयोजित की थी।
पीएम मोदी 9 साल (2017) बाद नीदरलैंड दौरे पर पहुंचे हैं। यह दौरा भारत-नीदरलैंड के बीच द्विपक्षीय संबंध मजबूत बनाने के लिहाज से बहुत महत्वपूर्ण है। इस यात्रा में व्यापार, टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर, वॉटर मैनेजमेंट, ग्रीन एनर्जी और रक्षा सहयोग जैसे कई बड़े मुद्दों पर बातचीत की संभावना प्रबल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *