पौड़ी गढ़वाल में कार खाई में गिरी, पति पत्नी की मौत
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। मंगलवार की सुबह पौड़ी देवप्रयाग मोटर मार्ग पर कुंडाधार के समीप एक मारुति कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। जिसमें सवार पति पत्नी की मौत हो गई। घटना की सूचना ग्रामीणों की ओर से पुलिस को दी गई। घटना सूचना पाते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से दोनों लोगों को निकालकर उपचार के लिये देवप्रयाग अस्पताल लाई जहाँ चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी गई है।
एसओ देवप्रयाग संदीप ने बताया कि उज्याड़ी गांव के रहने वाले रविंद्र सिंह उम्र 48 साल व व उनकी पत्नी सुषमा देवी उम्र 44 साल आज सुबह अपने वाहन मारुति सिलेरियो कार यूके 12 सी 4271 से पौड़ी से देहरादून की तरफ जा रहे थे। इस दौरान सबदरखाल के कुंडाधार के समीप उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क से 200 मीटर नीचे जा गिरी। वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना उन्हें ग्रामीणों से प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर रेस्क्यू करने पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों लोगों को वाहन से बाहर निकाला गया और दोनों लोगों को उपचार के लिए देवप्रयाग अस्पताल ले जाया गया जहाँ डॉक्टर ने दोनों लोगो को मृत घोषित किया है।