बिग ब्रेकिंग

पिथौरागढ़ में कई जगह हिमपात से गिरा पारा

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

मुनस्यारी/ धारचूला (पिथौरागढ़) । सीमांत में फिर मौसम का मिजाज बदल चुका है। उच्य हिमालय में हिमपात हो रहा है और मुनस्यारी सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में झमाझम बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। जिले के अन्य क्षेत्रों में हल्के बादल छाए हैं। ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आने लगी है। मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान दो डिग्री और अधिकतम 11 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है। मुनस्यारी के शीर्ष में स्थित मध्य हिमालय की दस हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर स्थित खलिया टप में मौसम का पहला हिमपात हो चुका है।
सीमांत में एक बार फिर मौसम का रंग बदल चुका है। एक दिन पूर्व तक मौसम साफ रहने के बाद सोमवार को मौसम बदल गया। जिला मुख्यालय सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में दिन भर बादलों की आवाजाही चलती रही। वहीं दूसरी तरफ उच्च हिमालय में सुबह से ही घने बादल छाए रहे और पूर्वांह ग्यारह बजे के आसपास से बर्फबारी होने लगी। अपरान्ह को मुनस्यारी सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश होने लगी। इस दौरान मुनस्यारी में ओलावृष्टि हुई। हिमालय की ऊंची चोटियों पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा, नंदा देवी, नंदा कोट , छिपलाकोट सहित समस्त चोटियों में हिमपात हो रहा है। मल्ला जोहार में भी हिमपात हो रहा है। माइग्रेशन कर रहे ग्रामीणों के सम्मुख भी समस्या पैदा हो चुकी है।
वहीं धारचूला से मिली जानकारी के अनुसार दारमा घाटी में भी सुबह से हिमपात हो रहा है। दारमा में हिमपात होने से माइग्रेशन करने वाले ग्रामीण परेशान हैं। व्यास घाटी के भी ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमपात हो रहा है। उच्च हिमालय में बीते 17 से 19 अक्टूबर तक भी हिमपात हुआ था। इस वर्ष अभी तक छह बार हिमपात हो चुका है। मुनस्यारी में बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित है। यहां पर तापमान में भारी गिरावट आ चुकी है। इसी के साथ ठंडक ने दस्तक दे दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!