चंबा (टिहरी)। पुलिस लाइन चंबा में पुलिस कर्मियों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य जांच के लिए चिकित्सा केंद्र शुरू किया गया है जिससे अब मामूली बीमारी की दवा के लिए उन्हें दूर नहीं जाना पड़ेगा। चिकित्सा केंद्र में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों को पुलिस और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने चंबा पुलिस लाइन में चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह केंद्र महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों का स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
पुलिसकर्मी दिन-रात जनता की सुरक्षा और सेवा में समर्पित रहते हैं। इसलिए उनके लिए सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग का दायित्व है। एसएसपी ने कहा कि पुलिस कल्याण केवल सुविधाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है बल्कि पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना भी इसका अभिन्न हिस्सा है। इस मौके पर एएसपी दीपक सिंह, सीओ चंद्रमोहन सिंह, प्रतिसार निरीक्षक अमित सिंह और सीओ प्रशिक्षु आदित्य तिवारी आदि मौजूद थे।