गोपेश्वर/पोखरी। चमोली जिले में बुधवार को 608 ग्राम पंचायतों में उप ग्राम प्रधान के पद पर चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो गए। ज्यादातर पदों पर उप प्रधान निर्विरोध चुने गए जबकि कुछ पदों पर एक से अधिक प्रत्याशी होने की स्थिति में मतदान कराया गया। कई ग्राम पंचायतों से देर शाम तक पूरे परिणाम नहीं आ पाए थे।
विकासखंड नंदानगर में उपप्रधान के 45 पदों पर निर्विरोध और नौ पदों पर चुनाव हुए। वहीं पोखरी विकासखंड में 27 पदों पर निर्विरोध और 46 पदों के लिए मतदान किया गया। दशोली विकासखंड की 67 ग्राम पंचायतों में उप प्रधान के लिए चुनाव कराए गए। 50 ग्राम पंचायतों में निर्विरोध और 17 में चुनाव कराया गया। इसके अलावा ज्योतिर्मठ विकासखंड में देर शाम तक कई ग्राम पंचायतों के परिणाम नहीं आ पाए थे। उप प्रधान के चुनाव के लिए बुधवार को ही नामांकन पत्र जमा करने से लेकर मतदान और मतगणना तक की सारी प्रक्रिया संपन्न की गई।