चमोली में लगी उद्यमिता की चौपाल, महिलाओं एवं युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनपद में स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गोपेश्वर के ऑडिटोरियम हॉल में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना-चौपाल (एमएसएमई चौपाल) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाली स्वायत्त सहकारिता को सहयोग प्रदान करते हुए अंजलि देवी को उद्यम शुरू करने एवं हिलांस भोजनालय के संचालन के लिए 6 लाख की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। गोपेश्वर में आयोजित चौपाल में मुख्यमंत्री के संबोधन का वर्चुअल माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय उद्यमियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिक से अधिक लोगों तक योजना की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से जनजागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह वाहन 21 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक जनपद के विभिन्न विकासखंडों एवं न्याय पंचायत क्षेत्रों में पहुंचकर युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों तथा स्थानीय उद्यमियों को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना सहित विभिन्न स्वरोजगार एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देगा। यह वाहन गोपेश्वर, मंडल, चमोली, बिरही, हेलंग, जोशीमठ, तपोवन, नंदप्रयाग, घाट, कर्णप्रयाग, सिमली, नारायणबगड़, थराली, देवाल, गैरसैंण, मेहलचौरी एवं पोखरी सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों एवं न्याय पंचायतों तक पहुंचेगा। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के माध्यम से उद्यम स्थापित करने के इच्छुक लोगों को प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता, उद्यम विकास, ब्रांडिंग, उत्पाद पैकेजिंग, गुणवत्ता सुधार एवं बाजार से जोड़ने में सहयोग दिया जाएगा। स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उन्हें व्यापक बाजार तक पहुंचाने के लिए मार्केट लिंकेज पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दर्जा मंत्री हरक सिंह, प्रेम सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बत्र्वाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह, भेषज संघ अध्यक्ष सतेंद्र असवाल, महामंत्री अरुण मैठाणी, विनोद कनवासी, रघुवीर बिष्ट, नंदी राणा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, स्थानीय उद्यमी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।