17 हजार के बिजली बिल ने दिया जोर का झटका

Spread the love

नैनीताल, नैनीताल में बिजली उपभोक्ताओं को बिना मीटर रीडिंग लिए भारी-भरकम बिजली बिल भेजे जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला मल्लीताल स्थित बीडी पांडे अस्पताल के स्टाफ क्वार्टर का है, यहां रहने वाले नर्सिंग स्टाफ ने ऊर्जा निगम पर बिना वास्तविक मीटर रीडिंग के हजारों रुपये के बिल भेजने का आरोप लगाया है।
स्टाफ क्वार्टर में रहने वाली सीनियर नर्सिंग अधिकारी मीनाक्षी ने बताया कि उन्होंने 20 अप्रैल को अपना पिछला बिजली बिल जमा किया था लेकिन जुलाई में तीन महीने का उन्हें करीब 17 हजार रुपये का बिल मिला जबकि उनका बिल तो प्रतिमाह हजार रुपये से कम का ही आता था। उनका कहना है कि इस दौरान मीटर की रीडिंग लेने कोई कर्मचारी नहीं आया। फिर इतना अधिक बिल कैसे आ गया, समझ से परे है। इसी तरह नर्सिंग अधिकारी उर्मिला दास ने बताया कि उन्होंने 18 मार्च को बिल जमा किया था मगर इस माह उनके नाम चार महीने का करीब 20 हजार रुपये का बिल जारी कर दिया गया। इस बीच कोई कर्मचारी रीडिंग लेने तक नहीं आया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या केवल अस्पताल स्टाफ क्वार्टर तक सीमित नहीं है।
ग्रामीण क्षेत्रों से भी लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि बिना मीटर रीडिंग के बिजली बिल भेजे जा रहे है जबकि कई उपभोक्ताओं को समय पर बिल तक नहीं मिल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *