जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत हल्दुखाता मल्ला में प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम-जनमन) एवं धरती आबा जनजातीय ग्रामीण अभियान के अंतर्गत बहुद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं महिला छात्रावास अधीक्षक पंकज देवली ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए शिविर में 22 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं विद्युत विभाग को छ: नए बिजली कनेक्शन के आवेदन प्राप्त हुए। जिला उद्योग केंद्र कोटद्वार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत छ: आवेदन प्राप्त हुए, जिससे युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया गया। बाल विकास विभाग ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत कनिका, पूर्वी, गीतांजली और दीप्ती को नेम प्लेट वितरित कर बालिका शिक्षा और सम्मान का संदेश दिया। कृषि विभाग द्वारा 14 किसानों को उन्नत बीज एवं उर्वरक वितरित किए गए, जबकि आधार सेवाओं के तहत आठ नए आधार कार्ड बनाए गए और 20 आधार कार्ड अपडेट किए गए। इस अवसर पर हिमालयन बोक्सा जनजाति समिति कोटद्वार की अध्यक्ष दीपा देवी, हल्दुखाता के पार्षद राजेंद्र प्रसाद बहुखंडी, जसोधरपुर के पार्षद मनीष नैथानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से जनजातीय समुदाय को सरकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।