नई टिहरी। केंद्र सरकार की एग्रीस्टेक योजना के तहत फार्मर रजिस्ट्री और स्वैच्छिक चकबंदी योजना की समीक्षा करते हुए एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने पंजीकरण कैंप लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की इस महत्वकांक्षी योजना के तहत सभी किसानों का फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य है। बताया गया कि अभी तक जिले में 33042 किसानों ने फार्मर पंजीकरण कराया है।
फार्मर रजिस्ट्री योजना की समीक्षा करते हुए एडीएम ने सभी एसडीएम, तहसीलदार और मुख्य कृषि अधिकारी को पंजीकरण बढ़ाने के लिए सीएससी सेंटर और विभागों के सहयोग से गांव-गांव में कैंप लगाकर शत प्रतिशत पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वैच्छिक चकबंदी की प्रगति रिपोर्ट तलब करते हुए चकबंदी के आवेदकों की संख्या बढ़ाने को कहा। एडीएम ने सभी किसानों से अपने नजदीकि सीएससी सेंटर और कैंप में जाकर फार्मर पंजीकरण कराने की अपील की है। मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी ने बताया कि कृषि, उद्यान, सहकारिता, मत्स्य, पंचायती राज, ग्रामीण विकास और राजस्व विभाग के सहयोग से जिले में फार्मर पंजीकरण बढ़ाने के लिए कैंप लगाए जा रहे हैं। पंजीकरण बढ़ाने के लिए कैंप की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। बताया गया कि स्वैच्छिक चकबंदी योजना के लिए जिले में 10 गांवों का चयन करने के दिए गए हैं।