जौलजीबी क्षेत्र में नेपाल ने किया चौकी निर्माण शुरू
पिथौरागढ़। नेपाल ने सीमा क्षेत्र में एपीएफ (आम्र्ड पुलिस फोर्स) चौकियों का निर्माण तेज कर दिया है। जौलजीबी क्षेत्र में नेपाल ने शुक्रवार को चौकी का निर्माण शुरू कर दिया है। जिस भूमि पर चौकी का निर्माण हो रहा है उसे भारतीय सेना के एक पूर्व सैनिक ने ही नेपाल सरकार को दान में दिया है।
कालापानी का विवाद खड़ा करने के बाद नेपाल ने अपने सीमा क्षेत्र में एपीएफ चौकियों का निर्माण तेज कर दिया है। काली नदी के किनारे नई चौकियों के साथ ही अस्थायी चौकियों को स्थायी चौकियों में तब्दील किया जा रहा है। शुक्रवार को नेपाल ने जौलजीबी में स्थायी चौकी का निर्माण शुरू कर दिया है। चौकी का निर्माण हो जाने के बाद नेपाल इस क्षेत्र में जवानों की स्थायी तैनाती करेगा। चौकी निर्माण में महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि भारतीय सेना में सेवा देने वाले नेपाली नागरिक मान सिंह खत्री ने चौकी निर्माण के लिए अपनी भूमि दान में दी है। नेपाल सरकार ने चौकी निर्माण के लिए एक करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। भारतीय क्षेत्र से इस चौकी की दूरी मात्र 700 मीटर है। सीमा क्षेत्र के भारतीय हिस्से को भी यहां जौलजीबी और नेपाली क्षेत्र को भी इसी नाम से जाना जाता है। दोनों क्षेत्रों के बीच काली नदी सीमा रेखा बनाती है।