फर्जी पत्नी खड़ी कर बैंक से निकाल लिए 20 लाख के गहने

Spread the love

देहरादून। एक पति ने बैंक मैनेजर के साथ साठगांठ कर और एक फर्जी महिला को अपनी पत्नी बताकर बैंक लॉकर (गोल्ड लोन) से करीब 20 लाख रुपये के सोने के आभूषण निकाल लिए। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर कैंट कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति और अन्य अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर कैंट एसएस बिष्ट ने बताया कि मूल रूप से लखनऊ के चिनहट निवासी खुशबू देवी का विवाह वर्ष 2009 में बल्लूपुर देहरादून निवासी प्रवीन कुमार के साथ हुआ था। खुशबू का आरोप है कि करीब छह महीने पहले उसके पति ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था।
जिसके बाद पीड़िता ने पति पर दहेज उत्पीड़न का केस भी दर्ज कराया था। खुशबू का एसबीआई ओएनजीसी तेल भवन शाखा में एक गोल्ड लोन खाता था। जिसमें उनके करीब 20 लाख रुपये के आभूषण जमा थे। इस लोन की मासिक किश्त खुशबू के ही बैंक खाते से कटती थी। बीती नौ फरवरी को खुशबू मोबाइल पर बैंक से लोन चुकता होने और गहने दिए जाने का मैसेज आया। उन्होंने बैंक मैनेजर से संपर्क किया। मैनेजर ने बताया कि आभूषण निकालते समय प्रवीन के साथ कोई महिला आई थी। जिसे खुशबू बताकर वह गहने लेकर गया है। पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने अपने पति प्रवीन कुमार से इस संबंध में बात की तो उसने धमकी देते हुए कहा कि बैंक मैनेजर उसका घनिष्ठ मित्र है और उसने जुगाड़ से जेवर निकाले हैं। पुलिस ने मामले में शनिवार को केस दर्ज कर जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *