रांची, झारखंड के उभरते एथलीट अफरोज अहमद ने 24वीं नेशनल जूनियर फेडरेशन कप अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऊंची कूद स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया है.
कर्नाटक के तुमकुर स्थित महात्मा गांधी स्टेडियम में 24 से 26 अप्रैल तक आयोजित इस प्रतियोगिता में अफरोज ने 2.09 मीटर की छलांग लगाकर दूसरा स्थान हासिल किया. हजारीबाग के रहने वाले अंतरराष्ट्रीय एथलीट अफरोज अहमद का प्रदर्शन पूरे प्रतियोगिता के दौरान बेहद प्रभावशाली रहा.
हालांकि, वे अगले माह हांगकांग में होने वाली एशियन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए निर्धारित 2.11 मीटर के क्वालीफाइंग मार्क से महज 2 सेंटीमीटर पीछे रह गए. बावजूद इसके उनका यह प्रदर्शन झारखंड के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है.
इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक नेवी के एथलीट बसंत ने 2.21 मीटर की ऊंची छलांग के साथ जीता. उन्होंने इस दौरान नया मीट रिकॉर्ड भी कायम किया. वहीं, दिल्ली के आकाश वर्मा ने 2.06 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया. अफरोज की इस उपलब्धि पर राज्यभर में खुशी की लहर है.
झारखंड के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, विभागीय सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक आरिफ इकराम सहित झारखंड एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी है. संघ के प्लानिंग कमेटी के चेयरमैन डॉ. मधुकांत पाठक, अध्यक्ष सीडी सिंह, सचिव एसके पांडे, हजारीबाग जिला सचिव अजीत साहू और टीम कोच आशु भाटिया ने भी अफरोज के प्रदर्शन की सराहना की.
झारखंड एथलेटिक्स संघ के सचिव एसके पांडे ने कहा, अफरोज अहमद ने सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतरीन प्रदर्शन किया है. उन्होंने राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है. हमें विश्वास है कि वह आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे.
अफरोज की इस सफलता ने झारखंड के खेल प्रतिभाओं को एक नई प्रेरणा दी है और राज्य में एथलेटिक्स के बढ़ते स्तर को भी दर्शाया है.
००