ऋषिकेश। किच्छा नगरपालिका चुनाव के दौरान विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ हुई कथित हाथापाई और हमले के विरोध में श्यामपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप भाजपा सरकार का पुतला जलाकर नारेबाजी की। प्रदेश महासचिव जयेंद्र रमोला ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है।
पुलिस की मौजूदगी में निर्वाचित जनप्रतिनिधि के साथ कथित तौर पर हमला होना चिंताजनक है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि इस घटना ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग जारी रखेगी। श्यामपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजयपाल पंवार ने कहा कि विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ हुई घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों के सम्मान से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। विरोध प्रदर्शन में कांता प्रसाद कंडवाल, सत्याभामा, मनमोहन सिंह रावत, रविन्द्र दत्त उनियाल, हेमू पुंडीर, सतीश रावत आदि शामिल रहे।