जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भारत विकास परिषद कोटद्वार के तत्वावधान में सीजे पब्लिक स्कूल गोविन्दनगर में संस्कार कार्यक्रम के अंतर्गत हनुमान चालीसा पाठन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें कक्षा पांच तक के बच्चों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में कामिनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
स्कूल परिसर में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती रेणू माहेश्वरी व परिषद के अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि रेणू माहेश्वरी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से बच्चों के अन्दर धार्मिक भावना जागृत होती है। परिषद के अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि परिषद का उद्देश्य बच्चों के अन्दर प्रतिस्पर्धात्मक भावना तथा संस्कार पैदा करना है। इस मौके पर राजदीप माहेश्वरी, तोताराम पांथरी, मीनाक्षी शर्मा, सचिव प्रदीप अग्रवाल, विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कुसुम सुंदली ने विचार व्यक्त किए। हनुमान चालीसा पाठन प्रतियोगिता में कामिनी, सूरज, अंशिका ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता की निर्णायक भूमिका में बीना मित्तल व शीला कुकरेती रही। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती निधि गुप्ता ने किया। इस अवसर पर भारत विकास परिषद कोटद्वार की संस्कार प्रमुख निधि गुप्ता, सचिव प्रदीप अग्रवाल, महिला संयोजिका बीना मित्तल, सुनीता अग्रवाल, सुनीता ऐरन, वीणा कुकरेती, शीला कुकरेती, राजकमल महेश्वरी, गोपाल बंसल, सुनील गुप्ता, प्रणव आदि मौजूद थे।