जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रोटरी क्लब की ओर से मेहरबान सिंह कंडारी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को करियर के लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि विद्यार्थियों को भविष्य के करियर का चुनाव दूसरों की देखा-देखी करने के बजाय अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता को ध्यान में रखकर करना चाहिए।

कार्यक्रम का शुभारंभ इंफोमैटिक्स करियर अकादमी से जुड़े संजय अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में करियर के अनेक विकल्प उपलब्ध हैं। ऐसे में किसी दूसरे विद्यार्थी के करियर को देखकर उसी क्षेत्र को चुनना उचित नहीं है। विद्यार्थियों के लिए अपनी रुचि और क्षमता को पहचानना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य हासिल करने के लिए सबसे पहले स्वयं को पहचानना होगा। इसके बाद लक्ष्य के प्रति एकाग्रता बनाए रखते हुए निरंतर मेहनत और प्रयास करना सफलता की कुंजी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अपनी क्षमताओं का आंकलन कर भविष्य की दिशा तय करने की सलाह दी। रोटरी क्लब की अध्यक्ष प्रतिभा गुप्ता ने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सही दिशा में किया गया प्रयास विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने में मदद करता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में इंटेक्ट क्लब का गठन भी किया गया। इसमें जिया को अध्यक्ष, अर्चना को सचिव और वर्षा को कोषाध्यक्ष चुना गया। क्लब में कुल 20 सदस्यों को शामिल किया गया। इस अवसर पर वीना रावत, ज्योति स्वरूप उपाध्याय, ऊषा अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, विजय कुमार माहेश्वरी और ममता रावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।